अलग अलग सड़क हादसों में एक दर्जन गंभीर

हमीरपुर :– सुमेरपुर क्षेत्र में बुधवार को हुई तीन अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में एक दर्जन लोग घायल हो गए। सभी की उपचार के बाद हालत में सुधार है।
पहली घटना सुबह करीब 10:30 बजे इंगोहटा छानी मार्ग में विदोखर गांव के समीप हुई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। इस घटना में देशराज (32)विदोखर,शिवा (16) निवासी टेढ़ा,जयकांती (10) निवासी छानी बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद हालत में सुधार है। दूसरी घटना धरमपुर बांकी मार्ग में हुई। तेज रफ्तार बाइक फिसलने से जयकरन (50) निवासी धरमपुर घायल हो गया। तीसरी घटना हाईवे पर कुंडौरा गांव के आगे ओम हरिहर महाविद्यालय के समीप हुई। सुमेरपुर से हमीरपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कैंपर अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गई। इसमें सवार आठ लोग घायल हो गए। यह सभी अलग-अलग साधनों से इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचे और उपचार कराकर सभी गंतव्य के लिए रवाना हो गए।