जन्मदिन पर बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, देश की समृद्धि की कामना की

वाराणसी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर परिवार सहित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर देश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और सभी नागरिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बाबा विश्वनाथ का किया जलाभिषेक
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कहा कि बाबा श्री काशी विश्वनाथ के श्रीचरणों में जलाभिषेक और दर्शन का सौभाग्य उनके लिए अत्यंत आध्यात्मिक और अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की असीम कृपा से काशी आज अपनी सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और भव्य स्वरूप के माध्यम से पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति का संदेश दे रही है।
काशी की दिव्यता का किया उल्लेख
रेखा गुप्ता ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम की दिव्यता, गंगा तट से मंदिर तक का भव्य कॉरिडोर और चारों ओर गूंजता “हर-हर महादेव” का उद्घोष काशी की आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक गौरव का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी देशवासियों पर बनी रहे तथा भारत निरंतर समृद्धि, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित करता रहे।
सेवा और सुशासन की भावना को बताया आवश्यक
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में सेवा, सुशासन और लोककल्याण की भावना निरंतर मजबूत होती रहे तथा प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो। उन्होंने देश के उज्ज्वल भविष्य और जनकल्याण के लिए विशेष प्रार्थना भी की।
जन्मदिन पर मिली शुभकामनाएं
रविवार को रेखा गुप्ता का जन्मदिन भी था। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सफल और दीर्घायु जीवन की कामना की।



