Uncategorizedउत्तर प्रदेश

बदायूं में 12 वर्षीय दलित बालिका से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय दलित बालिका से कथित दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मुठभेड़ में आरोपी और पुलिसकर्मी घायल

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने बताया कि शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला तकिया निवासी परवेज (24) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी की फायरिंग में आरक्षी प्रवेंद्र कुमार के हाथ में गोली लगी, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज था मामला

पुलिस ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर वजीरगंज थाने में आरोपी परवेज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो अधिनियम तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक हिरदेश कठेरिया के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमान श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान आंवला रोड स्थित कुंवरगांव चौराहे के पास वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी से पुलिस का सामना हुआ।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया।

इलाज के बाद न्यायालय में किया जाएगा पेश

पुलिस का कहना है कि उपचार पूरा होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button