हरियाणा

नायब सिंह सैनी ने अपनी 56वीं जन्मतिथि गायों व बुजुर्गों की सेवा में मनाई

चंडीगढ़। हरियाणा के दूसरी बार मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी ने रविवार को अपनी 56वीं जन्मतिथि गायों व बुजुर्गों की सेवा करते हुए बच्चों के साथ मनाई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई राष्ट्रीय नेताओं ने मुख्यमंत्री को उनकी जन्मतिथि की शुभकामना दी।

मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी के साथ पंचकूला में माता श्री मनसा देवी के दर्शन किए। उन्होंने पंचकूला जिले की 14 गोशालाओं के लिए 1 करोड़ 22 लाख 46 हजार रुपये की चारा अनुदान राशि के चेक बांटे। मुख्यमंत्री ने धर्मपत्नी सहित माता मनसा देवी गोधाम में गायों की सेवा करते हुए उन्हें चारा व गुड खिलाकर गायों की रक्षा का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री ने रविवार को अपनी जन्मतिथि की शुरुआत पंचकूला के शिशु गृह में बच्चों से मिलकर की। वहां उन्होंने छोटे बच्चों को मिठाइयां बांटकर अपनी जन्मतिथि मनाई। इसके बाद मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी के साथ वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से आशीर्वाद लेने गए।

मुख्यमंत्री के सम्मान में कार्यक्रमों का आयोजन

पंचकूला जिले के गांव समराल (भोज नेता) पहुंचकर नायब सैनी ने ग्रामीणों के बीच बैठकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनी। मुख्यमंत्री ने एमडीसी-पांच पंचकूला स्थित गुरुद्वारा श्री कुहनी साहिब में अरदास कर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। राज्य भर में मुख्यमंत्री के सम्मान में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने फोन कर नायब सैनी को जन्मतिथि की बधाई दी। उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। यह शुभकामना मुख्यमंत्री के प्रति उनके सम्मान और स्नेह को दर्शाती है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित और ऊर्जावान नेता बताया। उन्होंने लिखा कि नायब सिंह सैनी का जमीनी अनुभव हरियाणा के परिवारजनों के लिए अत्यंत कल्याणकारी सिद्ध हो रहा है और उनके नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।

अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामना

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी मुख्यमंत्री को जन्मतिथि की शुभकामना दी। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने नायब सिंह सैनी को शुभकामना देते हुए इंटरनेट मीडिया पर लिखा कि नान स्टाप एवं यशस्वी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर गतिमान हो रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत देश भर के कई राजनेताओं ने मुख्यमंत्री को जन्मतिथि की शुभकामना दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button