शराब पार्टी में दोस्तों के बीच पैसों को लेकर हुआ विवाद… चाकूबाजी में दो की मौत, तीसरा फरार

मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र के गुलाबबाड़ी में शुक्रवार देर रात एक बजे सारिक नाम के युवक ने अपने दोस्त शाहनावाज उर्फ बबलू और जुनैद की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। शराब पीने के बाद दोनों के बीच रुपयों को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपित सारिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गलशहीद के असातलपुरा निवासी फईम ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे उसके भाई शाहनवाज उर्फ बबलू को असातलपुरा के ही निवासी जुनैद और सारिक अपने साथ बुलाकर ले गए थे। गुलाबबाड़ी चुंगी पर शराब के ठेके पर शराब पीने के बाद सारिक ने शाहनवाज उर्फ बबलू और जुनैद से रुपयों को लेकर विवाद किया। इसके बाद आरोपी ने शाहनवाज और जुनैद पर चाकू से हमला कर दिया।
मौके पर पहुंचे स्वजन
इस हमले में शाहनवाज उर्फ बबलू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जुनैद गंभीर रूप घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर शाहनवाज और जुनैद के स्वजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि शाहनवाज की मौत हो चुकी है जबकि जुनैद की हालत गंभीर है। पुलिस ने जुनैद को जिला अस्पताल भिजवा दिया, जहां जुनैद की भी मौत हो गई।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि सारिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।



