बुजुर्ग पर धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला,अस्पताल में भर्ती

हमीरपुर :– सुमेरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुरोली बुजुर्ग में रविवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के ही दो दबंगों ने एक व्यक्ति पर धारदार हथियार बांका और बरछी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना सुबह लगभग 5 बजे की है जब रामविलास सिंह अपने दरवाजे पर चारपाई पर लेटा हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित रामविलास सिंह ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर अवगत कराया कि वह रोजाना की तरह अपने घर के बाहर लेटा हुआ था तभी बीरू उर्फ विकास सिंह अपने हाथ में लोहे का धारदार बांका तथा उसका पिता अभिनाश बरछी लेकर उसके करीब जा पहुंचे। बीरू ने जान से मारने की नीयत से उसके गले पर वार किया, तो उसने किसी प्रकार अपना बचाव किया। इस दौरान उनके बाएं गाल और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। जाते जाते उन्होंने धमकी दी कि यदि किसी से शिकायत करोगे तो जान से मार देंगे उसने जवाब दिया कि शिकायत अवश्य करेंगे तो अभिनाश सिंह ने बरछी फेंक कर उस पर वार किया किंतु उसने अपना बचाव कर लिया घायल अवस्था में उसने शोर मचाया, जिससे हमलावर भाग खड़े हुए। पीड़ित द्वारा तत्काल स्थानीय पुलिस चौकी सुरोली बुजुर्ग को सूचना दी गई। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की तो सुमेरपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109,115 ( 2) 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया है।