सपा महिला सभा ने निकाला कैण्डिल मार्च

अयोध्या में युवती से दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या पर आक्रोश
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में युवती के साथ दुष्कर्म के बाद निर्मम तरीके से नृशंस हत्या के मामले ने पूरे उत्तर प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस सम्बन्ध में मंगलवार को समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव के निर्देश पर महिला सभा जिलाध्यक्ष गीता मिश्रा के निर्देशन में जिला स्तर पर कैण्डिल मार्च निकाला गया। घण्टाघर मैदान पर आयोजित इस कार्यक्रम में दिवंगत युवती की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामनायें की गयीं। वहीं वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। कहा कि महिला सुरक्षा का नारा देने वाली सरकार सिर्फ कागजी आंकड़ों पर बात कर रही है, जबकि धरातल पर हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या जैसे जघन्य प्रकरण में दोषियों को पकड़कर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाये और मृतका के परिजनों को सही न्याय दिलाया जाये। इस दौरान सपा की पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह लोधी, यूथ बिग्रेड जिलाध्यक्ष इंजी.हृदेश यादव मुखिया, वरिष्ठ सपा नेता शत्रुघन यादव, बिट्टू यादव, चारू जैन, मोनू विश्वकर्मा, रानू मंसूरी, रोहित, प्रीति पाठक के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।