खाद्य तथा रसद और खाद्यायुक्त, ने मण्डी परिसर स्थित गेहूँ क्रय केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण

प्रमुख सचिव ने कृषकों से सम्पर्क कर गेहूँ की खरीद सीधे कृषक के खेत / घर से करने के दिये निर्देश
बाराबंकी, 19 अप्रैल 2025 को अपराह्न 02 बजे प्रमुख सचिव, खाद्य तथा रसद विभाग, उ०प्र० शासन रणवीर प्रसाद, खाद्यायुक्त श्री भूपेन्द्र एस चौधरी, सम्भागीय खाद्य विपणन अधिकारी (मुख्यालय) द्वारा जनपद बाराबंकी के बाराबंकी मण्डी परिसर स्थित गेहूँ क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय प्रमुख सचिव महोदय द्वारा पाया गया कि मण्डी में विपणन शाखा के 05 गेहूँ क्रय केन्द्र खोले गये है, जबकि क्रय केन्द्रों पर गेहूँ की आवक अत्यन्त कम मात्रा में हो रही है। आज भी निरीक्षण के समय केवल 03 ट्रॉली गेहूँ मात्रा लगभग 100 कु० आवक पायी गयी। यही स्थिति लगभग जनपद के समस्त गेहूँ क्रय केन्द्रों पर बतायी गयी। प्रमुख सचिव महोदय द्वारा निर्देश दिये गये कि जनपद में संचालित समस्त गेहूँ क्रय केन्द्रों को मोबाइल क्रय केन्द्र के रूप में परिवर्तित कर दिया जाय, जिससे समस्त गेहूँ क्रय केन्द्र प्रभारी कृषकों से सम्पर्क कर गेहूँ की खरीद सीधे कृषक के खेत / घर से कर सके। स्थायी गेहूँ क्रय केन्द्र से मोबाइल गेहूं क्रय केन्द्र तक की वास्तविक दूरी एवं मोबाइल क्रय केन्द्र से भा०खा०नि० डिपो तक की वास्तविक दूरी का भुगतान सम्बन्धित परिवहन ठेकेदार को नियमानुसार किया जायेगा। विगत दिवसों में जनपद में हुई असामयिक वर्षा के कारण गेहूँ में उत्पन्न लस्चर लास एवं नमी के सम्बन्ध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी, बाराबंकी रमेश कुमार द्वारा अवगत कराया गया कि असामयिक वर्षा के कारण गेहूँ में उत्पन्न कारकों के अनुरूप खरीद हेतु निर्धारित मानकों के शिथिलीकरण हेतु पत्र खाद्यायुक्त महोदय को प्रेषित किया गया है, जिसकी अनुमति मिलने के पश्चात गेहूँ खरीद की गति में वृद्धि होगी। निरीक्षण के समय मौके पर जिलाधिकारी बाराबंकी शशांक त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी नवाबगंज आनन्द कुमार तिवारी भी उपस्थित रहे।